Gurugram- पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए बड़ी मात्रा में बरामद मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया है। पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में गठित कमेटी की मौजूदगी में 92 मामलों में जब्त ड्रग्स को डिस्ट्रॉय किया गया।सेक्टर-37 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बायोटिक वेस्ट लिमिटेड में विभिन्न मामलों में बरामद मादक पदार्थों को नष्ट किया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज की अध्यक्षता में गठित कमेटी की निगरानी में की गई।

नष्ट किए गए मादक पदार्थों में करीब 157 किलो गांजा, 2.7 किलो चरस, हेरोइन, स्मैक, कोकीन, एमडीएमए, सुल्फा और 105 किलो से अधिक पोस्ता भूसी शामिल है। कुल मिलाकर 92 मामलों में बरामद 267 किलो 466 ग्राम 634 मिलीग्राम मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।

गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। इसके साथ ही लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।