Gurugram-  पुलिस ने संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फिरौती और हत्या की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चार शूटर मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में गुरुग्राम पुलिस के तीन जवान भी गोली लगने से घायल हुए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Article image
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इंटेलिजेंस इनपुट और कुछ कारोबारी परिवारों को मिल रही रंगदारी की धमकियों के बाद अलग-अलग क्राइम ब्रांच की टीमें संभावित वारदात स्थलों पर निगरानी कर रही थीं। इसी दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-40, सेक्टर-39 और सेक्टर-17 की टीमों को सूचना मिली कि विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के इशारे पर पांच शूटर एक कारोबारी को निशाना बनाने पहुंचे हैं।
Article image
पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई की रात करीब 9:50 बजे काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार पांच हथियारबंद बदमाश कारोबारी विशाल बेरी के घर पहुंचे। स्कॉर्पियो की नंबर प्लेट को काली टेप से ढका गया था ताकि पहचान छिपाई जा सके। गाड़ी से उतरते ही तीन बदमाशों ने कारोबारी के घर और आसपास के मकानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। वहीं, एक आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर के निर्देश पर मोबाइल फोन से पूरी वारदात की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था।
Article image
घटनास्थल पर पहले से मौजूद पुलिस टीमों ने चारों ओर से घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। लेकिन आरोपियों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में सिपाही मंजीत सिंह, सिपाही शमशेर सिंह और सहायक उप-निरीक्षक सुनील कुमार गोली लगने से घायल हो गए।
Article image
पुलिस अधिकारियों ने पहले हवाई फायर कर आरोपियों को दोबारा चेतावनी दी, लेकिन जब बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे तो पुलिस ने आत्मरक्षा, आम नागरिकों की सुरक्षा और आरोपियों को काबू करने के उद्देश्य से नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में पांचों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।सभी आरोपियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक आरोपी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
Article image
मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों की पहचान दीपा उर्फ संदीप-निवासी फतेहाबाद,आर्यन- निवासी रोहतक नितिन-निवासी रोहतक,अंकित-निवासी रोहतक और घायल आरोपी की पहचान शिवम निवासी मेवात के रूप में हुई है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नितिन के खिलाफ रोहतक में हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने के दो मामले दर्ज हैं। वहीं दीपा उर्फ संदीप पर आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न गंभीर अपराधों के 14 मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
Article image
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किए गए पांच आधुनिक पिस्टल, 50 से अधिक खाली कारतूस के खोल, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद एफएसएल, बैलिस्टिक एक्सपर्ट, सीन ऑफ क्राइम टीम और सर्च टीम को मौके पर बुलाया गया। कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

मामले में थाना डीएलएफ, गुरुग्राम में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 109(1), 111(3), 111(4), 121(1), 132, 221, 262 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि संगठित अपराध, गैंगवार, रंगदारी, अवैध हथियारों और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी अपराधी को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।