पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में OCUS Mall, सेक्टर-51 के पास एक सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची ERV-103 की टीम ने पाया कि एक स्विफ्ट कार ने तेज गति और लापरवाही से बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस का आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी चालक ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ हाथापाई, बदसलूकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। बाद में घायल बाइक सवार को सेक्टर-10ए स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर द्वारा बयान देने के लिए फिट घोषित किए जाने के बाद पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत दी।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि वह M3M ऑफिस से अपने घर जा रहा था, तभी पीछे से आई स्विफ्ट कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।शिकायत और पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट के आधार पर सेक्टर-50 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए 13 जुलाई को आरोपी अजय कुमार को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






