Gurugram- तेज रफ्तार और लापरवाही का एक और खौफनाक मामला सामने आया है। सोहना चौक पर तेज रफ्तार ब्लैक थार ने एक कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद थार पलट गई, जबकि उसमें सवार एक युवक मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, घायल परिवार खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए जा रहा था। सोहना चौक के पास कार आगे बढ़ी और टर्न लेने लगी, तभी तेज रफ्तार काले रंग की महिंद्रा थार ने कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।टक्कर के बाद बलेनो के सभी एयरबैग खुल गए और उसमें सवार एक पुरुष व तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने पहले घायल परिवार को कार से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शिवाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार का आरोप है कि थार में सवार युवक शराब के नशे में थे और बेहद तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। टक्कर के बाद थार भी पलट गई। हादसे के बाद दो में से एक युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने मौके से मिले युवक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त थार को कब्जे में ले लिया गया है। फरार हुए दोनों युवकों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






