
पीड़ित कारोबारी अंकुश यादव, जो खेड़की माजरा गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि वह अंडे का व्यापार करते हैं। उनका आरोप है कि पिछले कुछ समय से इलाके का एक युवक, जिसे पव्वा डॉन के नाम से जाना जाता है, उन पर दबाव बना रहा था। आरोप के मुताबिक, उससे हर महीने 50 हजार रुपये देने की मांग की जा रही थी। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।

अंकुश यादव का कहना है कि उन्होंने किसी भी तरह की मंथली देने से इनकार कर दिया। इसके बाद देर रात आरोपी अपने कई साथियों के साथ उनके कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने डंडों और कुल्हाड़ी जैसे हथियारों से ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की। कार्यालय में रखा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया गया और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई।

शोर-शराबा सुनकर जब दुकान मालिक और अन्य लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






