दरअसल मृतका के परिजनों ने सेक्टर-56 थाना में युवती की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि काफी समय से युवती से संपर्क नहीं हो पा रहा था। जब उन्होंने उसकी कंपनी में जानकारी ली तो पता चला कि वह वहां भी नहीं पहुंची थी। इसके बाद पुलिस ने युवती के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की, जो सेक्टर-55 स्थित एक मकान की मिली।लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तो युवती का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
जांच में सामने आया कि यह कमरा श्रेठ मलिक नाम के युवक ने किराए पर लिया था। पुलिस जब उसकी तलाश में जुटी तो जानकारी मिली कि उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला है।पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले 8 से 12 महीनों से एक ही निजी कंपनी में कार्यरत थे, जहां उनकी दोस्ती हुई थी। युवती दो दिन पहले ही आरोपी के साथ सेक्टर-55 स्थित किराए के मकान में रहने आई थी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किन परिस्थितियों में आरोपी ने पहले युवती की हत्या की और फिर खुद आत्मघाती कदम उठाया। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






