बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती समरस संकल्प अभियान के जिला संयोजक एवं एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मबीर भांगरौला, जिला सह संयोजक एवं पार्षद विक्रमजीत सिंह, सह संयोजक एवं पूर्व पार्षद योगेन्द्र सारवान सहित एससी मोर्चा के जिला पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और मानवता के आदर्शों से प्रेरित रहा है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने की प्रेरणा देते हैं। भारतीय जनता पार्टी उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समरस संकल्प अभियान चला रही है।

सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों के बीच जाकर संत रविदास जी के विचारों एवं उनके समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करे। अभियान के सभी कार्यक्रम पूरी गंभीरता, अनुशासन और संगठनात्मक भावना के साथ सम्पन्न किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

सर्वप्रिय त्यागी ने पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों की प्रभावी तैयारी करें तथा अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए समाज के प्रबुद्धजनों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से व्यापक संपर्क स्थापित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गुरुग्राम जिला समरस संकल्प अभियान को सफल बनाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का विश्वास दिलाया।






