सेक्टर-112 में निर्माणाधीन साइट पर हादसा, मजदूर की मौत के बाद बवाल

सेक्टर-112 में निर्माणाधीन साइट पर दो मजदूर ऊंचाई से गिर गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
Gurugram- गुरुग्राम के सेक्टर-113 में एक निर्माणाधीन साइट पर हुए हादसे के बाद जमकर हंगामा हो गया। ऊंचाई से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे से नाराज मजदूरों ने साइट पर पहुंचकर ठेकेदार के साथ मारपीट कर दी।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-113 स्थित स्मार्ट वर्ल्ड गुरुग्राम सोसाइटी की निर्माणाधीन साइट पर शुक्रवार को दो मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर गए। मजदूरों का कहना है कि दोनों करीब 19वीं मंजिल पर काम कर रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद दोनों नीचे आ गिरे।हादसे की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे। वहां एक मजदूर की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल मिला। घायल मजदूर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वही मृतक की पहचान बिहार निवासी 25 वर्षीय दिलखुश के रूप में हुई है। वहीं घायल मजदूर पश्चिम बंगाल निवासी 22 वर्षीय वासु बताया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।हादसे के बाद साइट पर काम कर रहे मजदूरों का गुस्सा भड़क गया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर काम करने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे थे। मजदूरों ने हादसे के लिए ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।
इसी दौरान मजदूरों ने ठेकेदार को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस की इमरजेंसी रेस्पांस व्हीकल मौके पर पहुंची। लेकिन हालात शांत होने के बजाय और बिगड़ गए। गुस्साए मजदूरों ने पुलिस की ईआरवी में तोड़फोड़ करते हुए उसका शीशा तोड़ दिया।स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद बजघेड़ा थाना पुलिस अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद मजदूरों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब हादसे के कारणों के साथ-साथ निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों और मौके पर हुए हंगामे की भी जांच कर रही है।हादसे में मजदूर की मौत के बाद निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewscommercialsitebuildinglabourdeath




