BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Crime/गुरुग्राम में ACB का बड़ा एक्शन, 12 हजार रिश्वत लेते नगर निगम का कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

गुरुग्राम में ACB का बड़ा एक्शन, 12 हजार रिश्वत लेते नगर निगम का कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

SM

Sahil Manchanda

Published on Sep 18, 20262 min read

गुरुग्राम में ACB का बड़ा एक्शन, 12 हजार रिश्वत लेते नगर निगम का कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार
गुरुग्राम में ACB ने नगर निगम के कंप्यूटर ऑपरेटर को ₹12 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर बिल पास कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप

Gurugram- गुरुग्राम में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने नगर निगम में तैनात एक कंप्यूटर ऑपरेटर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। वह हरियाणा कौशल रोजगार निगम यानी एचकेआरएन के माध्यम से नगर निगम की इंजीनियरिंग ब्रांच में कार्यरत था।


जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता नगर निगम में ठेकेदार है और उसने श्मशान घाट के नवीनीकरण का करीब 28 लाख रुपये का काम लिया था। ठेकेदार के अनुसार, काम का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका था। इसके बाद करीब 23 लाख रुपये के बिल को पास करवाने के बदले आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर ने कथित तौर पर 92 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।


शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह पहले ही 80 हजार रुपये दे चुका था। इसके बाद 12 हजार रुपये की बाकी रकम मांगी जा रही थी। मामले की शिकायत एसीबी तक पहुंचने के बाद टीम ने शिकायत की पुष्टि कर ट्रैप की कार्रवाई की।

शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे एसीबी की टीम ने नगर निगम कार्यालय, सेक्टर-34 में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने कथित तौर पर रिश्वत की बकाया 12 हजार रुपये की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी पवन कुमार के खिलाफ गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसीबी की ओर से आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।


एसीबी की एसपी ममता खरब ने बताया कि आरोपी को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है या उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल एसीबी पूरे मामले में रिश्वत की मांग, भुगतान और बिल पास कराने की प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Tags:GurgaonGurugramacbharyanaanticorruptionMCG

More from Crime